Loading...

शिकोहाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 32 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, दो मुकदमे दर्ज

Gargachary Times 16 July 2026, 21:03 42 views
Firozabad
शिकोहाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 32 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, दो मुकदमे दर्ज
फिरोजाबाद। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) आगरा के निर्देशन में गुरुवार को शिकोहाबाद क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान आबकारी विभाग की टीम ने दो स्थानों पर छापेमारी कर 32 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की और आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए।प्रवर्तन इकाई-04 आगरा तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद जी.के. वर्मा ने अपनी टीम के साथ थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के प्रतापपुरा गिहार कॉलोनी और तहसील तिराहा स्थित गिहार कॉलोनी में आकस्मिक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध घरों की गहन तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान टीम को विभिन्न स्थानों से लगभग 32 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए। छापेमारी के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई। आबकारी अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल आबकारी विभाग अथवा स्थानीय पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जनहित और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
Follow Samachar24