‘माई भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का हो पंजीकरण, डीएम ने विभागों को बनाई कार्ययोजना के निर्देश
Gargachary Times
16 July 2026, 21:03
51 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माई भारत जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद के युवाओं की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें सही दिशा प्रदान करना तथा उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विकास के अवसर उपलब्ध कराना रहा।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों, इंटर कॉलेजों (सरकारी एवं निजी) तथा मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का अनिवार्य रूप से ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद को देश के उन अग्रणी जिलों में शामिल किया जाए, जहां इस पोर्टल पर युवाओं का सर्वाधिक पंजीकरण हो।जिलाधिकारी ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण के बाद युवाओं को विभिन्न विभागों, स्कूलों, कॉलेजों और गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा आयोजित खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को कौशल विकास, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का व्यापक मंच प्राप्त होगा।
उन्होंने जिला सलाहकार समिति के माध्यम से जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि युवाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर रचनात्मक एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि "युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली कुंजी है। यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिल जाए तो समाज और राष्ट्र की दिशा बदल सकती है।"
बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में यूथ क्लब डेवलपमेंट कैंपेन संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सभी ग्राम पंचायतों में यूथ क्लब विकसित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और अपने सपनों को साकार करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।बैठक में जिला युवा अधिकारी राम गोपाल सिंह चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।