सहकारिता के जरिए किसानों को मिले सीधा लाभ, डीएम ने सदस्यता बढ़ाने और केसीसी वितरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
Gargachary Times
16 July 2026, 21:04
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सहकारी विकास समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, समितियों की कार्यप्रणाली तथा उनकी वित्तीय स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सहकारी संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा सकता है, जिससे जिले के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।उन्होंने कृषि एवं सहकारिता को आधुनिक स्वरूप देने के लिए एग्रीमार्ट विकसित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर सहकारी समितियों की सदस्य संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान और ग्रामीण सहकारिता आंदोलन से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों के आधिकारिक बैंक खाते अनिवार्य रूप से जिला सहकारी बैंक में खोले जाएं। नवगठित समितियों को उर्वरक व्यवसाय के लिए शीघ्र उर्वरक लाइसेंस दिलाया जाए तथा सभी पात्र सदस्यों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) स्वीकृत कर उनका समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 47 पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियां) सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन पैक्स का नियमित सर्वेक्षण एवं निगरानी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला सहकारी अधिकारी, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), नाबार्ड के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।