Loading...

मतदेय स्थलों की जांच में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Gargachary Times 16 July 2026, 21:04 40 views
Firozabad
मतदेय स्थलों की जांच में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) के संभावजन के बाद उन्हें अंतिम रूप दिए जाने तथा प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, निर्वाचन विभाग के अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का गठन अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मतदान केंद्रों या बूथों पर आपत्तियां प्राप्त हुई हैं अथवा जिन्हें पूर्व में अधिकारियों द्वारा अनुशंसित नहीं किया गया था, उनका संबंधित उपजिलाधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मतदान केंद्रों की दूरी, मतदाताओं की संख्या अथवा अन्य तथ्यों को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक रिपोर्ट बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच आख्या पूरी तरह धरातलीय तथ्यों पर आधारित और शत-प्रतिशत सही होनी चाहिए।उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों का निस्तारण कर 17 जुलाई की शाम पांच बजे तक अपनी अंतिम आख्या जिला निर्वाचन कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि 18 जुलाई को मतदेय स्थलों की सूची का प्रकाशन प्रस्तावित है, इसलिए उससे पहले सभी विसंगतियों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार भौगोलिक परिस्थितियों और मतदाताओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए ही मतदान केंद्रों का निर्धारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पोलिंग स्टेशन बढ़ने से सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, मजिस्ट्रेटों की तैनाती और केंद्रीय सुरक्षा बलों की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसलिए सभी अधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपनी रिपोर्ट तैयार करें, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में सांसद प्रतिनिधि डॉ. विजय आर्य, जसराना विधायक प्रतिनिधि विपिन यादव, शिकोहाबाद विधायक प्रतिनिधि सुनील यादव 'सीटू', बसपा जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी एवं अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कल्पना जायसवाल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24