Loading...

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, मोहम्मदाबाद मार्ग के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश

Gargachary Times 16 July 2026, 21:05 42 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, मोहम्मदाबाद मार्ग के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को टूंडला क्षेत्र के मोहम्मदाबाद मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मार्ग की वर्तमान स्थिति का जायजा लेकर संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों को तत्काल भरकर सड़क को पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाया जाए। साथ ही जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या है, वहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जाना प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों एवं किसानों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि मार्ग के सुदृढ़ीकरण के दौरान यदि किसी किसान की भूमि प्रभावित होती है, तो नियमानुसार मिलने वाले मुआवजे में किसी भी प्रकार की कोताही या विलंब नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी भी ग्रामीण या किसान की भूमि का स्थायी अधिग्रहण नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने भी मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए, जिससे कांवड़ियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी टूंडला, क्षेत्राधिकारी टूंडला, संबंधित थाना प्रभारी, लोक निर्माण विभाग के अभियंता तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Follow Samachar24