Loading...

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक: सीडीओ ने कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश

Gargachary Times 17 July 2026, 20:28 44 views
Firozabad
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक: सीडीओ ने कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित पेयजल परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मै० दारा इंजीनियर्स द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति, मै० एनसीसी लिमिटेड के कार्यों की स्थिति तथा पैकेज-1 के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों, खेतों के समतलीकरण एवं फसलीय क्षति के मूल्यांकन पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मै० दारा इंजीनियर्स जनपद में 57 स्थानों पर तथा एनसीसी लिमिटेड 11 स्थानों पर कार्य कर रही है।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से जाली या दीवार लगाई जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाने, आवश्यक मशीनरी एवं निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सीडीओ ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को परियोजनाओं की सतत मॉनीटरिंग करने, माहवार लक्ष्य निर्धारित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन किसानों की भूमि परियोजनाओं के लिए ली गई है, उन्हें मुआवजे की धनराशि तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को परियोजना मार्गों का पूर्व सर्वेक्षण कर समय रहते आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, वन विभाग सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24