घरेलू विवाद में बेटे ने बेसबॉल बैट से की पिता की हत्या, सिरसागंज में सनसनी
Gargachary Times
19 July 2026, 20:14
29 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के अहीर टोला में रविवार सुबह घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक बेटे ने अपने ही पिता की बेसबॉल बैट से हमला कर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहीर टोला निवासी राकेश बाबू शर्मा का रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने बेटे उपेंद्र शर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी उपेंद्र ने घर में रखा बेसबॉल बैट उठाकर पिता के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राकेश बाबू शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मृतक पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे।
घटना की सूचना मिलते ही सिरसागंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे उपेंद्र शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट भी बरामद कर लिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।