Loading...

मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन व प्राथमिक चिकित्सा का दिया प्रशिक्षण

Gargachary Times 20 July 2026, 21:07 80 views
Mathura
मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन व प्राथमिक चिकित्सा का दिया प्रशिक्षण
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। गोवर्धन राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सोमवार को गोवर्धन स्थित राधेश्याम सेवा सदन में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, मानवीय संवेदनाओं तथा प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करना। कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि भीड़ को नियंत्रित करते समय संयम बनाए रखें और श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करें। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि भीड़ को केवल नियंत्रित करने के बजाय उसका सुनियोजित रेगुलेशन अधिक महत्वपूर्ण है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यशाला में समाजशास्त्री डॉ. मधु त्यागी ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के प्रति विनम्र व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। वहीं मनोवैज्ञानिक डॉ. पूनम तिवारी ने भीड़ के मनोविज्ञान की जानकारी देते हुए पुलिसकर्मियों को विषम परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के गुर बताए। प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. नेहा चौधरी ने प्राथमिक उपचार के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी, जबकि डॉ. अमित कश्यप ने सीपीआर (CPR) की सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ उसका लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किया। पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
Follow Samachar24