भाजपा विदेशी लुटेरों की तरह काम कर रही है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
20 July 2026, 19:29
57 views
Delhi
दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा विदेशी लूटेरों की तरह काम कर रही है। विदेशियों ने मंदिर लूटे, विश्वविद्यालय तोड़े, आन्दोलनकारियों को प्रताड़ित किया। आज भाजपा भी वही सब कर रही है। भाजपा सरकार अहंकार में है। अहंकारी होकर कार्य कर रही है।
सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में भारी घोटाला हुआ। नीट पेपर लीक के कारण कई बच्चों की जान चली गयी। जिन बच्चों की जान गयी उनके प्रति सरकार ने एक शब्द नहीं बोला। श्रद्धांजलि तक नहीं दी। अपनी मांगों को लेकर छात्र-नौजवान जंतर-मंतर पर आये हैं। वे चाहते हैं सरकार उनकी बात सुने लेकिन इस सरकार में इतना अहंकार है कि वह कुछ सुनना ही नही चाहती है। भाजपा सरकार छात्रों को प्रताड़ित कर रही है। छात्रों पर लाठीचार्ज किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे है। पेपर लीक में शामिल लोग भाजपाई है। इस सरकार ने छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। भ्रष्टाचार चरम पर है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने पेपर लीक पर आड़िट रिपोर्ट की पुस्तिका छापी है। उत्तर प्रदेश मंे भाजपा सरकार में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं लेकिन आज तक कोई दोषी नहीं पकड़ा गया। दोषी इसलिए नहीं पकड़े जाते हैं क्योंकि उसमें भाजपाई शामिल रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नौजवानों को सरकारी नौकरी नहीं देना चाहती। युवाओं को नौकरियों में आरक्षण नहीं देना चाहती है। भाजपा सरकार सरकारी नौकरी नहीं देती, वह आउटसोर्स की भर्ती के जरिए भ्रष्टाचार करती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि नीट के बच्चों को न्याय मिलना चाहिए। भाजपा सरकार जो व्यवहार कर रही है, वह अंग्रेजों ने भी नहीं किया था। भाजपा देश को किस दिशा में ले जा रही है। भाजपा सरकार ने नौजवानों को नौकरी नहीं दीं। नौकरी दी होती तो नौजवान सड़कों पर क्यों होता?
अखिलेश यादव ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज को दुःखद बताते हुए निंदा की। उन्होंने पार्टी के युवा सांसदों से कहा कि वे जंतर-मंतर पर छात्रों से मिले और बताएं कि समाजवादी पार्टी उनके साथ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चंदा-चोरी-चढ़ावा चोरी करने वाली पार्टी है। अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी हुई। भाजपा सरकार में कुछ भी सुरक्षित नहीं है।