Loading...

बैंकर्स लाभार्थीपरक योजनाओं में ऋण वितरण में रूचि दिखाएं, अकारण पत्रावलियों को न किया जाए निरस्त-मुख्य विकास अधिकारी

Gargachary Times 20 July 2026, 19:47 45 views
Mainpuri
बैंकर्स लाभार्थीपरक योजनाओं में ऋण वितरण में रूचि दिखाएं, अकारण पत्रावलियों को न  किया जाए निरस्त-मुख्य विकास अधिकारी
मैनपुरी - जिला उद्योग बंधु की बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने बैंकर्स से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से ऋण उपलब्ध करायें ताकि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बन सकें। उन्होने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बैंकों को भेजी गई सभी पत्रावलियों का तत्काल परीक्षण कर स्वीकृति प्रदान करते हुए ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से किसी भी पत्रावली को लंबित अथवा निरस्त न किया जाए यदि किसी आवेदन में कमी हो तो लाभार्थी को अवगत कराते हुए उसका शीघ्र समाधान कराया जाए। उन्होंने सीएम युवा फैलो को निर्देशित किया कि बैंक शाखावार मासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करें, बैंक अधिकारियों से सतत संपर्क बनाए रखें, स्वीकृति एवं ऋण वितरण की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे पात्र युवाओं को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके और वह अपना रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकंे। सी.डी.ओ. ने कहा कि बैंकर्स लाभार्थीपरक योजनाओं में सकारात्मक रुचि दिखाएं तथा पात्र आवेदनों को बिना उचित कारण निरस्त न करें, शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है इसलिए बैंकर्स संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, उद्योग स्थापना से लेकर संचालन तक किसी भी स्तर पर उद्यमियों को संसाधनों, विभागीय प्रक्रियाओं के कारण असुविधा न हो, निवेश एवं उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होने प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि योजना का लाभ प्राप्त कर जिले के हजारों स्ट्रीट वेंडरों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों में बैंकर्स ने योजना में अच्छा कार्य किया लेकिन वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्रगति संतोषजनक नहीं है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक में 458, बैंक ऑफ इंडिया में 468, पंजाब नेशनल बैंक में 176 तथा बैंक ऑफ बड़ौदा में 39 पत्रावलियां स्वीकृति, ऋण वितरण के लिए लंबित हैं। उन्होंने संबंधित बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर शीघ्र ऋण वितरण सुनिश्चित करें। उन्होने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) वितरण में किसी प्रकार का विलंब न किया जाए, समीक्षा में बताया गया कि आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में 123, बैंक ऑफ इंडिया में 86 तथा पंजाब नेशनल बैंक में 6 सीसीएल पत्रावलियां लंबित हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बैंक प्राथमिकता के आधार पर इन पत्रावलियों का निस्तारण कर समूहों को शीघ्र सीसीएल उपलब्ध कराएं। उन्होने कहा कि शासन की सभी स्वरोजगार एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, इसमें बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बैंकर्स से अपेक्षा की कि वह निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए ऋण वितरण में तेजी लाएं तथा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बैठक में उपस्थित उद्यमियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी उद्यमी का किसी भी स्तर पर शोषण न हो, सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमदत्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार मिश्र, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश बघेल, अग्निशमन अधिकारी अनुज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रंजन शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला अग्रणी प्रबंधक रामचंद्र शाहा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के अलावा उद्यमी सीताराम तापड़िया, विनय गुप्ता, मनमोहन गुप्ता, राजेश कुमार, गोविन्द गुप्ता, राज कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग डॉ. बनवारी लाल ने किया।
Follow Samachar24