Loading...

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, ढीले बिजली तार व झाड़ियों को तत्काल हटाने के निर्देश

Gargachary Times 25 July 2026, 20:15 41 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, ढीले बिजली तार व झाड़ियों को तत्काल हटाने के निर्देश
फिरोजाबाद: कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शनिवार को विभिन्न कांवड़ मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सड़क की स्थिति तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक्सईएन हाइडल, सिरसागंज को कांवड़ मार्ग के ऊपर से गुजर रहे ढीले एवं लटकते बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को समाप्त करने के लिए सभी विद्युत व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं।जिलाधिकारी ने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि सड़कों के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि मार्ग साफ, चौड़ा और सुरक्षित रहे तथा कांवड़ियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए इस मार्ग पर चार शिविर स्थापित किए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को शिविरों एवं मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय भी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता से यात्रा कर सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रूट डायवर्जन की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग, बटेश्वर-सिरसागंज मार्ग सहित अन्य कांवड़ रूटों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, एक्सईएन हाइडल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24