'न्याय आपके द्वार' अभियान को मिली गति, 25 ग्राम पंचायत लीगल एड क्लीनिकों के सहायकों को दिया गया प्रशिक्षण
Gargachary Times
25 July 2026, 20:16
61 views
Firozabad
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में संचालित 'न्याय आपके द्वार' अभियान के तहत ग्राम न्याय सहायता कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एडीआर भवन, दबरई स्थित सभागार में ग्राम पंचायत लीगल एड क्लीनिकों में नियुक्त पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जनपद की 25 न्याय पंचायतों में स्थापित लीगल एड क्लीनिकों के 20 ग्राम पंचायत सहायकों ने भाग लिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि लीगल एड क्लीनिकों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके घर के निकट ही विधिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्लीनिक में हर माह एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आमजन अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
प्रशिक्षण में पंचायत सहायकों को लाभार्थियों के प्रार्थना पत्र तैयार कर संबंधित सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने तथा उनके निस्तारण में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्री-लिटिगेशन और मीडिएशन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता (मीडिएशन) अपनाने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना तथा लोगों को समयबद्ध एवं सुलभ विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।