आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: एडीएम न्यायिक
Gargachary Times
25 July 2026, 20:18
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद: कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल एवं हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में असंतुष्ट फीडबैक, लंबित प्रकरणों तथा जनसमस्याओं के निस्तारण की तहसीलवार और विभागवार समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान सब रजिस्ट्रार फिरोजाबाद के प्राप्त फीडबैक में शत-प्रतिशत असंतुष्ट प्रतिक्रिया दर्ज होने तथा शिकायतकर्ताओं से संपर्क शून्य पाए जाने पर एडीएम न्यायिक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इसके अलावा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, नगर पालिकाएं, समाज कल्याण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, विद्युत विभाग, प्रोबेशन, डूडा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं सभी खंड विकास अधिकारियों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिन विभागों में असंतुष्ट फीडबैक मिला, उन्हें शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि सभी विभाग प्रत्येक दशा में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण से पहले और बाद में शिकायतकर्ता से दूरभाष अथवा व्यक्तिगत रूप से संपर्क करना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि डिफॉल्टर संदर्भों को शून्य स्तर पर लाया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित उप जिलाधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।