दिल्ली बार काउंसिल चुनाव में नंदगांव के लाल आर.एस. गोस्वामी की शानदार जीत, जीत के बाद ब्रज में दौड़ी खुशी की लहर
Gargachary Times
26 July 2026, 19:11
43 views
Mathura
नंदगांव। ब्रज की पावन धरती नंदगांव के प्रतिष्ठित अधिवक्ता पंडित रामस्वरूप (आर.एस.) गोस्वामी एडवोकेट ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुभव और लोकप्रियता का परिचय देते हुए दिल्ली बार काउंसिल के चुनाव में सदस्य पद पर शानदार विजय हासिल की है। उनकी इस जीत से न केवल ब्रज मंडल बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में उनके शुभचिंतकों और अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया, फोन और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
आर.एस. गोस्वामी शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और पिछले करीब तीन दशक सेअधिक समय से दिल्ली में सफलतापूर्वक वकालत कर रहे हैं। उन्होंने अपने विधिक ज्ञान, निष्पक्ष कार्यशैली और अधिवक्ताओं के हितों के प्रति समर्पण के बल पर एक अलग पहचान बनाई है। वह पूर्व में दिल्ली बार काउंसिल के चेयरमैन रह चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने नामांकन एवं निर्धन अधिवक्ता सहायता समिति के चेयरमैन के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों और कल्याण से जुड़े अनेक सराहनीय कार्य किए।
अब एक बार फिर दिल्ली बार काउंसिल के सदस्य निर्वाचित होने के बाद परिषद के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए चुनाव होना है। ऐसे में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों को विश्वास है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें परिषद में एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।
उनकी इस शानदार जीत पर ब्रज मंडल के साथ-साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता को ब्रज क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।