दिव्यांग विकास सोसाइटी ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग
Gargachary Times
27 July 2026, 19:29
58 views
Mathura
मथुरा। दिव्यांग विकास सोसाइटी, मथुरा की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर जिले के दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के दिव्यांग, विशेष रूप से शारीरिक एवं आर्थोपेडिक दिव्यांगजन, उपचार के लिए आवश्यक दवाओं के अभाव से परेशान हैं। समय पर दवाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उनका उपचार भी प्रभावित हो रहा है।
सोसाइटी ने मांग की कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर से आवश्यक व्यवस्था कर दिव्यांगजनों के लिए जरूरी दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके और उनके स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार हो।
ज्ञापन में यह भी अपेक्षा व्यक्त की गई कि दिव्यांगजनों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन दिव्यांग विकास सोसाइटी की जिला अध्यक्ष कल्पना ठाकुर के नेतृत्व में सौंपा गया।