Loading...

जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, डीएम संतोष कुमार शर्मा ने प्रगतिशील किसानों से किया सीधा संवाद

Gargachary Times 27 July 2026, 19:39 46 views
Firozabad
जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, डीएम संतोष कुमार शर्मा ने प्रगतिशील किसानों से किया सीधा संवाद
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आत्मा (एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी) गवर्निंग बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जैविक एवं उन्नत खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कृषक मीरा देवी ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खेती अपनाने से गेहूं की फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और उन्हें पहले की तुलना में अधिक आर्थिक लाभ मिल रहा है।वहीं, किसान रघुवीर सिंह ने बताया कि जैविक खेती के साथ कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण कर वह हल्दी का अचार और गन्ने का सिरका जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले पारंपरिक खेती से सीमित आय होती थी, लेकिन अब जैविक खेती और प्रसंस्करण के माध्यम से परिवार की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह ने बैठक में आत्मा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्था कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन विभागों की आधुनिक तकनीकों, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर उनकी आय बढ़ाने तथा टिकाऊ खेती को प्रोत्साहित किया जाता है।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जनपद में जैविक खेती को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक किसान इससे जुड़ सकें। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नवीन अनुसंधानों से लगातार जोड़ने तथा प्रगतिशील किसानों की सफल खेती के मॉडल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, जिससे अन्य किसान भी प्रेरित हो सकें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कल्पना जायसवाल, उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24