Loading...

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व सुविधाओं के व्यापक इंतजाम

Gargachary Times 27 July 2026, 19:40 38 views
Firozabad
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
फिरोजाबाद। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय समिति, पुलिस अधिकारियों तथा थाना स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित की गई हैं। कांवड़ संघों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय डीजे संचालकों के साथ समन्वय बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाने तथा रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस का प्रयास रहेगा कि कांवड़ियों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और आम नागरिकों के यातायात में भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर रही हैं तथा सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने सभी कांवड़ संघों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द एवं यातायात तथा सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
Follow Samachar24