Loading...

एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर नीट टॉपर पारस कुशवाहा का हुआ सम्मान

Gargachary Times 27 July 2026, 19:41 42 views
Firozabad
एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर नीट टॉपर पारस कुशवाहा का हुआ सम्मान
फिरोजाबाद। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, मिसाइल मैन और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को ग्राम नगरिया ब्रज में कुशवाहा जिला महासभा के तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नीट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 12645 हासिल करने वाले पारस कुशवाहा को उनके आवास पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुशवाहा जिला महासभा के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने की, जबकि संचालन दीपक कुशवाहा ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य रतनलाल सिंह ने कहा कि पारस कुशवाहा ने नीट में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं को भी पारस से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता डॉ. प्राजंलि कुशवाहा 'प्रज्ञान' ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए पारस को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिक्षा से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए वह हरसंभव सहयोग करेंगी। विशिष्ट अतिथि एवं भूदेवी स्कूल प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश नाथ ने पारस और उनके माता-पिता के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अध्यक्षीय संबोधन में प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके "सरल जीवन, उच्च विचार" के संदेश को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपना उत्कृष्ट योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर बंटू कुशवाहा, जितेंद्र पैडतिया, जितेंद्र कुशवाहा, रामू, उमेश, लव, कुश, राम प्रताप, मुकेश कुमार, हरि नारायण, केहरी सिंह, नौबत सिंह, भीकमपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24