Loading...

एक माह बाद खुला तीन वर्षीय मासूम की मौत का राज, मां के कथित कबूलनामे के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज

Gargachary Times 28 July 2026, 20:40 38 views
Mathura
एक माह बाद खुला तीन वर्षीय मासूम की मौत का राज, मां के कथित कबूलनामे के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज
मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के गांव छौली में तीन वर्षीय मासूम की मौत का एक माह बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां ने अपने पति के सामने स्वीकार किया कि बच्चे को शांत कराने के दौरान उसके हाथों गला दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर थाना बलदेव में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गांव छौली में एक महिला ने अपने तीन वर्षीय पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि जांच में सामने आया कि घटना 28 जून 2026 की है। आरोप है कि बच्चा घर में शरारत कर रहा था। उसे रोकने के दौरान मां ने उसके साथ मारपीट की और इसी दौरान उसका गला दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला ने कथित तौर पर अपने पति और परिवार से सच्चाई छिपा ली। उसने पति से कहा कि बच्चा काफी देर से सो रहा है और उठ नहीं रहा है। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का वास्तविक कारण सामने न आने पर बिना पुलिस कार्रवाई के बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, हाल ही में महिला ने अपने पति के सामने पूरी घटना स्वीकार की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना बलदेव में सुसंगत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24