Loading...

वात्सल्य ग्राम में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण, दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा ने दिया राष्ट्र निर्माण का मंत्र

Gargachary Times 28 July 2026, 20:40 47 views
Mathura
वात्सल्य ग्राम में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण, दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा ने दिया राष्ट्र निर्माण का मंत्र
"नेतृत्व की सीख, अनुशासन का संकल्प और राष्ट्र निर्माण का संदेश... वृंदावन के वात्सल्य ग्राम स्थित कृष्णा ब्रह्मरतन विद्यामंदिर में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा ने छात्राओं को दायित्व सौंपते हुए कहा कि भविष्य का भारत संस्कारित, अनुशासित और राष्ट्रभक्त युवाओं के हाथों ही सुरक्षित होगा।" वात्सल्य ग्राम स्थित कृष्णा ब्रह्मरतन विद्यामंदिर में आयोजित छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। काजल ठाकुर को वाइस हेडगर्ल, सुहानी शर्मा को स्कूल हेडगर्ल, राजनंदनी को स्पोर्ट्स कैप्टन, ज्योति को सैनिटेशन लीडर, छवि को डिसिप्लिन कैप्टन, दीक्षा को कल्चर इंचार्ज तथा भूमिका कुशवाहा को स्कूल मीडिया इंचार्ज बनाया गया। वहीं अंशिका गोस्वामी, जिया, आयुषी और कायरा को हाउस कैप्टन का दायित्व सौंपा गया। समारोह में दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा ने सभी चयनित छात्राओं को दायित्व पटका पहनाकर कर्तव्य ध्वज प्रदान किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत की गुरुकुल परंपरा ने ऐसे वीर, विद्वान और चरित्रवान व्यक्तित्व तैयार किए जिन्होंने राष्ट्र का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल सुविधाओं से नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, त्याग और संकल्प से मिलती है। विपरीत परिस्थितियां ही व्यक्ति के व्यक्तित्व को मजबूत बनाती हैं और तप की अग्नि में तपकर ही सोना कुंदन बनता है। दीदी माँ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को भटकाव से बचाकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए कुछ श्रेष्ठ करने का अवसर है। एक सच्चा नेतृत्वकर्ता वही होता है जो स्वयं अनुशासित होकर अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बने। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने सभी नवनियुक्त छात्राओं को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई। छात्राओं की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर संजय भैया, सुमन लता, एच.के. शर्मा, स्वामी सत्यशील, साध्वी सत्यश्रुति, अशोक सरीन, पवन शर्मा, निरंजन शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन योगेन्द्र ने किया। "संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व की भावना से ओत-प्रोत यह शपथ ग्रहण समारोह केवल दायित्वों के वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक और भविष्य के नेतृत्वकर्ता बनने की प्रेरणा भी दे गया।
Follow Samachar24