मथुरा पुलिस की बड़ी सफलता: 25 लाख की टप्पेबाजी का एक सप्ताह में खुलासा, शत-प्रतिशत रकम बरामद
Gargachary Times
28 July 2026, 20:41
38 views
Mathura
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में 20 जुलाई को हुई 25 लाख रुपये की सनसनीखेज टप्पेबाजी का मथुरा पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिल्ली निवासी एक शातिर टप्पेबाज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई पूरी 25 लाख रुपये की धनराशि बरामद कर ली। साथ ही वारदात में प्रयुक्त सुजुकी जिक्सर-250 स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की शाम करीब छह बजे वादी का कर्मचारी कार संख्या UP 85 BY 0740 से चंद्रिका प्लाईवुड फर्म की 25 लाख रुपये की नकदी लेकर गोवर्धन चौराहे से गोविंद नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने कथित रूप से कार के बोनट पर तेल डाल दिया। जब कार सिम्स हॉस्पिटल के पास पहुंची तो आगे चल रहे बाइक सवारों ने ओवरटेक कर चालक को वाहन से तेल रिसने और गाड़ी में खराबी होने का इशारा किया।
बदमाशों की बात पर विश्वास कर चालक ने कार रोक दी और बोनट खोलकर जांच करने लगा। कार में बैठे अन्य दो लोग भी नीचे उतर आए। इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने कार में रखा 25 लाख रुपये से भरा बैग उठाया और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना हाईवे में मु.अ.सं. 711/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार साक्ष्य जुटा रही थी। इसी क्रम में 27 जुलाई की रात करीब 11:55 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना हाईवे पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर अक्षय पुत्र मारमुतु, निवासी सी-ब्लॉक, मदनगिरी, थाना अंबेडकर नगर, दक्षिण दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी 25 लाख रुपये की नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त सुजुकी जिक्सर-250 मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश के साथ उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। भारी रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी पर स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने मथुरा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।