वायरल वीडियो के बाद फिरोजाबाद में आटा मिलों पर एफडीए की बड़ी कार्रवाई, तीन मिलों का उत्पादन रोका
Gargachary Times
28 July 2026, 20:50
60 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सोशल मीडिया पर आटे में पत्थर का चूरा/सेलखड़ी मिलाए जाने के वायरल वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने जिले में आटा मिलों के खिलाफ सघन अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीमों ने मंगलवार को टूंडला क्षेत्र की तीन आटा मिलों का औचक निरीक्षण कर आटे के तीन नमूने जांच के लिए लिए और गंभीर कमियां मिलने पर दो मिलों का उत्पादन सुधार होने तक बंद करा दिया।सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने बताया कि जिले की सभी 18 आटा मिलों का चरणबद्ध निरीक्षण किया जाएगा। मानकों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और उत्पादन पर रोक जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान टीम ने सबसे पहले राजुल फ्लोर मिल, टूंडला का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई, कच्चे एवं तैयार माल के रखरखाव, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और स्टॉक रजिस्टर में गंभीर कमियां मिलीं। मौके से आटे का नमूना लेकर मिल संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया तथा कमियां दूर होने तक उत्पादन पर रोक लगा दी गई।
इसके बाद अग्रवाल आटा चक्की, टूंडला का निरीक्षण किया गया। यहां भी आटे का नमूना लेकर सुधार नोटिस जारी किया गया और सुधार होने तक उत्पादन पर प्रतिबंध लगा दिया गया।वहीं गढ़ी असरा, टूंडला स्थित देवेन्द्र आटा मिल से भी आटे का नमूना लिया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया।
कांवड़ मार्ग पर भी खाद्य विभाग की कड़ी निगरानी
जिलाधिकारी के निर्देश पर कांवड़ यात्रा को देखते हुए टूंडला, सदर और शिकोहाबाद क्षेत्र के कांवड़ मार्गों पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की भी लगातार जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट, पेयजल की शुद्धता, खाद्य सामग्री के रखरखाव, डस्टबिन की व्यवस्था, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा रेट लिस्ट के प्रदर्शन की जांच की जा रही है।
श्रद्धालुओं से अपील
सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि लंबी यात्रा और थकान के दौरान तुरंत भारी भोजन न करें। पहले कुछ देर विश्राम करें, उसके बाद ही भोजन या प्रसाद ग्रहण करें, ताकि उल्टी, अपच और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।