Loading...

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में सपा सांसदों ने संसद में किया प्रदर्शन

Gargachary Times 29 July 2026, 21:19 57 views
Delhi
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में सपा सांसदों ने संसद में किया प्रदर्शन
दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार छात्रों-नौजवानों और किसानों के लिए सबसे बड़ा संकट है। उन्होंने कहा कि जो सरकार अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दान पात्र को नहीं बचा पायी। चढ़ावा चोरी हो गया, उससे पेपर लीक रोकने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। भाजपा ने देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की श्रद्धा के साथ खिलवाड़ किया है, यही लोग युवाओं, नौजवानों, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे है। अखिलेश यादव बुधवार को संसद परिसर में अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में समाजवादी पार्टी के सांसदों के साथ प्रदर्शन के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ही सबसे बड़ा संकट है। जब तक भाजपा सरकार नहीं जायेगी, संकट नहीं खत्म होगा। आन्दोलन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन चला। आंसू गैस के गोले चले, लाठीचार्ज हुआ। कई छात्र, नौजवान घायल हुए हैं। उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। ये बड़े सवाल हैं, सरकार को इनका जवाब देना होगा। पुलिस और सशस्त्र बल गृह विभाग में आते हैं। सरकार बताए छात्रों और नौजवानों पर किसके आदेश पर बल प्रयोग हुआ। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से छात्र, नौजवान, किसान, मजदूर सभी दुःखी हैं। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। किसानों को समय पर खाद, बीज नहीं मिलता है। उत्तर प्रदेश में किसानों को धान की फसल के लिए डीएपी, यूरिया के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सहकारी समितियों पर लाइनें लग रही है। किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी होती है। किसान परेशानी और संकट में है। भाजपा सरकार में डीएपी-यूरिया खाद सिर्फ कागजों पर उपलब्ध है। जबसे भाजपा सरकार आयी है, तबसे खाद, बीज, कीटनाशक का संकट बना हुआ है। खाद के लिए हर सीजन में किसानों को लाइनों में खड़ा रहना पड़ता है। जब-जब किसानों को खाद का संकट होता सरकार कागजी आंकड़े लेकर आ जाती। सरकार के आंकड़ों और जमीनी सच्चाई में बहुत फर्क है !
Follow Samachar24