ओडीओपी योजना से बदली विमला देवी की तकदीर, कांच के मोतियों के कारोबार को मिली नई उड़ान
Gargachary Times
29 July 2026, 21:21
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार की 'एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी)' योजना ने शिकोहाबाद निवासी विमला देवी के जीवन में नई उम्मीद और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अध्याय जोड़ दिया है। कभी आर्थिक तंगी और पूंजी की कमी से जूझ रहा उनका कांच के मोतियों का कारोबार अब सरकारी सहायता से सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।विमला देवी का परिवार लंबे समय से कांच के मोतियों के निर्माण का कार्य करता आ रहा था। मेहनत और हुनर होने के बावजूद पूंजी के अभाव में कारोबार को आगे बढ़ाना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान उन्हें ओडीओपी योजना की जानकारी मिली। जिला प्रशासन के सहयोग से योजना के तहत उन्हें ₹8 लाख की वित्तीय सहायता एवं ऋण प्रोत्साहन प्राप्त हुआ, जिससे उनके बंद होते कारोबार को नई गति मिली।
आर्थिक सहयोग मिलने के बाद विमला देवी ने अपने गृह उद्योग का विस्तार किया। वह स्वयं उत्पादन और निर्माण का कार्य संभालती हैं, जबकि उनके पति बाजार में विपणन और आपूर्ति की जिम्मेदारी निभाते हैं। दोनों की मेहनत से कारोबार लगातार बढ़ा और आज उनका परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुका है। कारोबार से होने वाली आय के बल पर वे अपने तीनों बच्चों को बेहतर शिक्षा भी दिला रहे हैं।
विमला देवी का कहना है कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन से जिले के छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उनका कहना है कि यदि सरकारी सहयोग नहीं मिलता, तो हुनर होने के बावजूद इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था।
उन्होंने अन्य छोटे दस्तकारों से भी ओडीओपी योजना का लाभ उठाकर अपने हुनर को पहचानने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की। विमला देवी की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही नीति, प्रशासनिक सहयोग और मेहनत के बल पर छोटे उद्योग भी बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।