जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीडीओ शत्रोहन वैश्य सख्त, लंबित भुगतान और आयुष्मान कार्ड पर दिए कड़े निर्देश
Gargachary Times
29 July 2026, 21:21
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, सीएमएस नवीन जैन, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा जनपद के सभी एमओआईसी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सीडीओ ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के तहत किसी भी पात्र लाभार्थी का भुगतान लंबित नहीं रहना चाहिए। समीक्षा में कई स्थानों पर आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में देरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि भुगतान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा के दौरान कोटला और नारखी क्षेत्र में सबसे अधिक आवेदन लंबित पाए गए। इस पर सीडीओ ने संबंधित एमओआईसी को फटकार लगाते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि क्षेत्रों में नियमित रूप से दवा का छिड़काव एवं अन्य निरोधात्मक गतिविधियां लगातार संचालित की जाएं, ताकि संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इसके अलावा 14 अगस्त से शुरू होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी योजना में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।