श्री बाँकेबिहारी की नगरी वृंदावन में बदलेगी परिक्रमा मार्ग की सूरत
Gargachary Times
30 July 2026, 20:19
40 views
Mathura
वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्री बाँकेबिहारी जी की नगरी वृंदावन के पावन परिक्रमा मार्ग का अब आधुनिक स्वरूप में विकास किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग पर वाहन, ई-रिक्शा और पैदल परिक्रमार्थियों के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित किए जाएंगे। साथ ही बिजली, संचार एवं अन्य यूटिलिटी सेवाओं को भूमिगत किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। वर्तमान में वाहनों, ई-रिक्शा और पैदल यात्रियों के एक साथ चलने से जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। नई योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिक्रमा मार्ग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में रमणरेती से निधिवन तक लगभग 3.30 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के तहत अलग-अलग मार्ग, फुटपाथ, सुविधा जोन, आरसीसी कवर ड्रेन तथा बिजली, संचार एवं अन्य यूटिलिटी सेवाओं को भूमिगत किया जाएगा।
योजना के दूसरे चरण में अटल्ला चुंगी चौराहे पर लगभग 800 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिस पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फ्लाईओवर बनने से वाहनों का आवागमन निर्बाध होगा तथा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी व्यवधान के अपनी परिक्रमा पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
मथुरा में भी स्वीकृत हुईं दो बड़ी परियोजनाएं
एमवीडीए ने चालू वित्तीय वर्ष में मथुरा शहर के लिए भी दो प्रमुख अवस्थापना परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि (गेट संख्या-03) तक लगभग 3.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मसानी कट स्थित कल्याण करोति हॉस्पिटल से रामलीला मैदान होते हुए महाविद्या कॉलोनी स्थित सीएम ग्रिड लिंक रोड तक लगभग 1050 मीटर लंबे लिंक मार्ग, पार्किंग, बाउंड्री वॉल एवं जनसुविधाओं का विकास करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।