कोसीकला-कोटवन हाईवे पर रोडवेज बस में पीछे से प्राइवेट बस की टक्कर, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल
Gargachary Times
30 July 2026, 20:21
61 views
Mathura
मथुरा (कोसीकला)। कोसीकला-कोटवन स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे सवारियां बैठाने के लिए रुकी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस में पीछे से तेज रफ्तार हरियाणा की एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में दोनों बसों में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का चिकित्सकीय उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों बसों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण प्राइवेट बस की तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।