शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: सीडीओ
Gargachary Times
30 July 2026, 20:31
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में 'निपुण भारत मिशन' के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, नामांकन, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में सीडीओ ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण करने तथा अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों के विरुद्ध तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान शिकोहाबाद एवं एका ब्लॉक में नामांकन की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को स्थिति में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि सभी विद्यालयों में पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध होना चाहिए। जर्जर भवनों से स्थानांतरित किए गए विद्यालयों में उपलब्ध फर्नीचर का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। प्राथमिक विद्यालय लड़ीह के निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता पर उन्होंने निर्माणदायी संस्था को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि समय रहते सुधार नहीं होने पर संस्था को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
बैठक में दिव्यांग अनुकूल शौचालयों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी विद्यालय में बच्चों को जमीन पर बैठाकर मध्याह्न भोजन नहीं कराया जाएगा। सभी विद्यालयों में डाइनिंग टेबल अथवा अन्य उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन अथवा अन्य विद्युत लाइनें गुजर रही हैं, उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।
बैठक के अंत में सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों से पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।