उर्वरक दुकानों पर कृषि विभाग की सख्ती, 5 विक्रेताओं को नोटिस, 3 के लाइसेंस निलंबित
Gargachary Times
30 July 2026, 20:35
54 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने तहसील सिरसागंज क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर पांच विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की गुणवत्ता जांच के लिए प्रताप खाद भंडार, काठफोरी एवं श्री राधा कृष्ण खाद एवं बीज भंडार, सिरसागंज से दो उर्वरक नमूने लिए गए। वहीं रेट बोर्ड व स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित न करने, स्टॉक एवं विक्रय पंजिका अद्यतन न रखने तथा अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर कृषक सेवा केंद्र काठफोरी, प्रशांत ट्रेडर्स सराय मुरलीधर, राधा कृष्ण बीज एवं खाद भंडार सिरसागंज, करिश्मा खाद भंडार सिरसागंज तथा आर.एस. खाद भंडार काठफोरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।प्रताप खाद भंडार काठफोरी द्वारा बिना पीओएस मशीन के उर्वरक बिक्री करने तथा प्रबल खाद भंडार सिरसागंज में स्टॉक दूसरी दुकान पर रखने एवं स्टॉक-विक्रय पंजिका उपलब्ध न होने पर दोनों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। वहीं बघेल खाद बीज भंडार, काठफोरी द्वारा जांच टीम को देखकर दुकान बंद कर देने के कारण निरीक्षण नहीं हो सका, जिस पर उसका लाइसेंस भी अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया गया।जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को किसानों को यूरिया एवं डीएपी के वैकल्पिक उर्वरकों के बारे में जागरूक करने, रेट बोर्ड एवं स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित रखने, स्टॉक एवं विक्रय पंजिका अद्यतन रखने तथा शत-प्रतिशत पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दरों पर उर्वरकों का वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैगिंग, ओवररेटिंग, कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा बिना अभिलेख बिक्री जैसी अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिले में यूरिया 17,685 मीट्रिक टन, डीएपी 6,886 मीट्रिक टन, एनपीके 3,421 मीट्रिक टन, एमओपी 5,361 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 1,951 मीट्रिक टन उपलब्ध है। शिकोहाबाद रैक प्वाइंट पर एचयूआरएल कंपनी की यूरिया की नई रैक भी प्राप्त हुई है, जिसकी आपूर्ति समितियों एवं निजी विक्रेताओं को कराई गई है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि खरीफ फसलों की आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें, अनावश्यक भंडारण न करें तथा खरीद के समय विक्रेता से रसीद अवश्य लें। उर्वरक संबंधी किसी भी समस्या के लिए किसान जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 9084557126 पर संपर्क कर सकते हैं।