बाल विवाह मुक्त होगा फिरोजाबाद, बाल श्रम कराने वालों पर होगी एफआईआर: डीएम
Gargachary Times
30 July 2026, 20:36
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत गठित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा वन स्टॉप सेंटर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रभारी एसजेपीयू, वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर, राजकीय बालगृह (बालक) के अधीक्षक, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष तथा किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किशोर न्याय बोर्ड में लंबित मामलों का वर्षवार विवरण तैयार किया जाए तथा लंबित रहने के कारणों का भी विश्लेषण किया जाए। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का क्षेत्रवार और विषयवार विवरण तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
डीएम ने अधिकारियों को जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से बाल विवाह की शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं, वहां विशेष अभियान संचालित किए जाएं।वन स्टॉप सेंटर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निस्तारित मामलों का निर्धारित समय पर फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को आवश्यक सहायता निरंतर मिलती रहे।बैठक में स्वयंसेवी संस्थाओं ने जानकारी दी कि फिरोजाबाद शहर के कई मोहल्लों में छोटे बच्चों से घरों में चूड़ी जुड़ाई और नग लगाने का कार्य कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बच्चों के अभिभावकों की काउंसलिंग कराने के साथ ही ऐसे बाल श्रम कराने वाले नियोक्ताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम और बाल अधिकारों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।