Loading...

सरकारी चकरोड पर कब्जे का आरोप, डीएम से की अतिक्रमण हटाने की मांग

Gargachary Times 30 July 2026, 20:40 65 views
Firozabad
सरकारी चकरोड पर कब्जे का आरोप, डीएम से की अतिक्रमण हटाने की मांग
फिरोजाबाद। शहर के वार्ड संख्या-62 स्थित अंबे नगर में सरकारी चकरोड पर कथित अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत सौंपकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।शिकायतकर्ताओं के अनुसार सरकारी चकरोड पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुक सका।शिकायत में बताया गया कि 17 जुलाई 2026 को लेखपाल, नायब तहसीलदार, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि नाप-जोख के बाद अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन एक फोन कॉल आने के बाद टीम बिना कार्रवाई किए लौट गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकारी भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेंगे।शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर कब्जे का आरोप है, वह स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए कार्रवाई प्रभावित करने की बात करता है तथा नगर निगम चुनाव में पार्षद पद का प्रत्याशी भी रह चुका है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन और आरोपित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Follow Samachar24