रैपुरा जाट चौकी पर बदला प्रभार: तेजेंद्र सिंह का तबादला, सौरव तेवतिया ने संभाली कमान
Gargachary Times
31 July 2026, 20:02
49 views
Mathura
फरह। आगरा-मथुरा हाईवे बॉर्डर पर स्थित रैपुरा जाट पुलिस चौकी पर मंगलवार को भावनात्मक माहौल देखने को मिला। चौकी प्रभारी तेजेंद्र सिंह के स्थानांतरण के अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। वहीं नवागत चौकी प्रभारी सौरव तेवतिया का फूल-मालाओं से स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
तेजेंद्र सिंह का दो वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनका स्थानांतरण थाना रिफाइनरी कर दिया गया है। उनके स्थान पर थाना हाईवे से आए सौरव तेवतिया ने बुधवार को चौकी प्रभारी का कार्यभार ग्रहण किया।
विदाई समारोह में ग्रामीणों ने कहा कि तेजेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष कार्यशैली, सरल स्वभाव और जनसेवा की भावना से क्षेत्रवासियों का विश्वास जीता। उन्होंने हर वर्ग के लोगों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान कराया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नवनियुक्त चौकी प्रभारी सौरव तेवतिया ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति को त्वरित न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही अवैध खन एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय जाट एकता संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि तेजेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष और जनहितैषी कार्यशैली से क्षेत्र की जनता का विश्वास जीता है। उनके व्यवहार और कार्यों की छाप हमेशा लोगों के दिलों में रहेगी। वहीं हमें विश्वास है कि नवागत चौकी प्रभारी सौरव तेवतिया भी जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
समारोह में मनोज चौधरी, प्रियांशु चौधरी, अमित चौधरी, सौरभ चौधरी, सतीश चौहान, गौरव, नीरज, गोविंदा, रिंकू, धर्मवीर, दाऊजी, पिंटू, पुष्पेंद्र, रोहित, अखिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।