सड़क सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होगी स्वीकार- जिलाधिकारी
Gargachary Times
31 July 2026, 20:13
37 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिन विभागों को विभिन्न मार्गों के संयुक्त निरीक्षण के दौरान कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए थे, वह सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराकर अगली बैठक से पूर्व अनुपालन आख्या उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि बैठकों का उद्देश्य केवल समीक्षा करना नहीं बल्कि धरातल पर वास्तविक सुधार सुनिश्चित कराना है। उन्होने गत् बैठक में दिए गए निर्देशों पर विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कई कार्यों के लंबित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करतेे हुए कहा कि यदि किसी विभाग को किसी कार्य के निष्पादन में तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या आ रही है तो उसे तत्काल उच्च स्तर पर अवगत कराएं लेकिन कार्यों को अनिश्चितकाल तक लंबित रखना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है, सड़क सुरक्षा के प्रत्येक बिंदु का सीधा संबंध आम नागरिकों के जीवन से है इसलिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराएं।
श्री त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि बेवर में स्थित रोडवेज बस-स्टेण्ड के पूर्व बाईपास पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, कैट्स-आई तत्काल लगाए जाएं साथ ही बेवर चौराहे पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण रोकने के लिए फेंसिंग, लोहे की ग्रिल लगाई जाए, जिससे सड़क किनारे अस्थायी दुकानों का अनधिकृत विस्तार रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क की चौड़ाई कम होने तथा अतिक्रमण बढ़ने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होने कहा कि बेवर में किसानों की सुविधा के लिए निर्मित मंडी स्थल के दोनों प्रवेश द्वारों पर दिशा सूचक एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, जिससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले किसान एवं वाहन चालक बिना भ्रम के निर्धारित स्थान तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि जहां-जहां संकेतक बोर्ड उपलब्ध नहीं हैं या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, वहां तत्काल नए बोर्ड लगाए जाएं,
जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु में सड़क किनारे उगी झाड़ियों एवं घास की समयबद्ध कटाई-छंटाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कई स्थानों पर संकेतक बोर्ड पूरी तरह झाड़ियों में छिप जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को जानकारी नहीं मिल पाती और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित न रहें बल्कि स्वयं नियमित रूप से सड़क मार्गों का निरीक्षण करें, सड़क की गुणवत्ता, फुटपाथ, डिवाइडर, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करें, निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां सामने आएं, उनका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी स्वयं सड़क पर निकलेंगे तो छोटी-छोटी समस्याओं का समय रहते समाधान संभव हो सकेगा। उन्होने मैनपुरी-करहल मार्ग पर महाराणा प्रताप चौराहे पर जेब्रा क्रॉसिंग, डिवाइडर पेंटिंग, रेलवे क्रॉसिंग के समीप क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, अवैध कट बंद कराने, डेलिनेटर लगाने, रोड मार्किंग, स्पीड टेबल, फेंसिंग एवं रिटेनिंग वॉल की मरम्मत सहित संयुक्त निरीक्षण में चिन्हित सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अवैध कट बना दिए गए हैं, उन्हें तत्काल बंद कराया जाए, ऐसे कट सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे स्थित दुकानों, अस्थायी अतिक्रमण एवं फुटपाथों पर रखी निर्माण सामग्री के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाए, सड़क, फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण आमजन की सुरक्षा के साथ समझौता है, संबंधित विभाग पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित कार्यवाही सुनिश्चित करें।