Loading...

आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं ने सीखे सुरक्षा के गुर, बढ़ाया आत्मविश्वास

Gargachary Times 31 July 2026, 20:17 51 views
Firozabad
आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं ने सीखे सुरक्षा के गुर, बढ़ाया आत्मविश्वास
फिरोजाबाद। सेवा पथ जन कल्याण समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।प्रशिक्षक जयप्रकाश राजपूत ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हाथ पकड़ने पर स्वयं को छुड़ाने, पीछे से पकड़ने की स्थिति में बचाव करने, संतुलन बनाए रखने, हमलावर की पकड़ कमजोर करने, तेज आवाज लगाकर सहायता मांगने तथा सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के प्रभावी तरीके बताए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर आसपास उपलब्ध वस्तुओं का आत्मरक्षा में उपयोग करने और महिला हेल्पलाइन व पुलिस से सहायता लेने के बारे में भी जानकारी दी।विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कल्पना राजौरिया ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार करते हैं और उन्हें हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का उद्देश्य संघर्ष करना नहीं, बल्कि स्वयं को सुरक्षित रखना है। समिति की प्रदेश सचिव सीमा गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण समिति की प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक छात्राओं को लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष गौरव दत्त बंसल, योगेंद्र प्रकाश जैन, सुनील भटनागर सहित विद्यालय का स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24