एत्मादपुर में संपूर्ण समाधान दिवस: एडीएम प्रोटोकाल की अध्यक्षता में आईं 120 शिकायतें, 16 का मौके पर निस्तारण
Gargachary Times
1 August 2026, 19:28
65 views
Agra
आगरा तहसील एत्मादपुर में शनिवार को एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से कुल 120 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही 16 शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर दिया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। मौके पर निस्तारित की जा सकने वाली शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया, वहीं जटिल मामलों के शीघ्र और पारदर्शिता के साथ निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीला-हवाली न बरतें। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी संपूर्ण समाधान दिवस से पहले सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उसकी आख्या तहसील प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आम जनता को समय पर न्याय और राहत मिल सके।