Loading...

भाजपा सरकार में पिछले 10 साल में 26 हज़ार स्कूल बंद हो गए: अखिलेश यादव

Gargachary Times 2 August 2026, 19:56 46 views
Lucknow
भाजपा सरकार में पिछले 10 साल में 26 हज़ार स्कूल बंद हो गए: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश के लिए संकट है। भाजपा सत्ता से हटेगी तभी संकट दूर होगा। तभी प्रदेश की समस्याओं का समाधान होगा। इस सरकार ने छात्रों, नौजवानों, बेटियों के साथ अत्याचार किया। पुलिस से बर्बरता करायी। यह सरकार आज भी बेटियों के साथ अन्याय कर रही है। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार, मंत्रियों, नेताओं ने आन्दोलनकारी छात्रों के साथ समझौता किया। कहा गया कि छात्रों, नौजवानों के खिलाफ कोई मुकदमा नहीं दर्ज होगा, उत्पीड़न नहीं होगा लेकिन अब छात्रांे को प्रताड़ित किया जा रहा है, जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, उससे सरकार की क्या क्रेडिबिलिटी रह गई है। आखिर लोकतंत्र में किस पर भरोसा किया जाए? अखिलेश यादव ने कहा कि फतेहपुर में स्कूल के बच्चों की मांग पीने का पानी और पंखे लगाने की थी। जब मांग मान ली गयी तो बच्चो के साथ अन्याय नहीं करना चाहिए, लेकिन बच्चों और उनके परिवारों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के विधायक, पीड़ित छात्रों के परिवार से मिलेंगे और मदद करेंगे। छात्र और उसके परिवार पर अन्याय नहीं होने देंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने का दावा करते हैं, उन्हें सरकारी स्कूलों में बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के लोग सरकारी तालाबों, जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। 2017 के पहले जितने महत्वपूर्ण तालाब थे, सबको भाजपा के लोगों ने भूमाफियाओं से मिलकर कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि जितने भ्रष्ट जुल्म और पाप करने वाले लोग है, सब भाजपा में है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। इस सरकार में जितने एक्सप्रेस-वे बने सब में भ्रष्टाचार हुआ। एक्सप्रेस-वे बनते ही कई जगह, धंस गये, टूट गये। कहने को माडर्न टेक्नालाजी के साथ लखनऊ-कानपुर सड़क बनायी। लेकिन उद्घाटन के 13 दिन में ही धंस गयी। बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे प्रधानमंत्री जी के जाने के बाद ही टूट गया था। भाजपा के लोगों ने प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा की चोरी करने का पाप किया है। अयोध्या में राम धन की लूट हुई। सरकार ने दिल्ली में छात्रों, नौजवानों के साथ जुल्म किया है। जिन पर लाठी पड़ी उन्हें पता है किसने चलवाई है लेकिन जिन्होंने मारा है, उन्हें नहीं पता किसके आदेश से लाठी चली। भाजपा किसी की सगी नहीं है। जो अधिकारी आज अन्याय कर रहे हैं वे भी जान लें, भाजपा जब फंसेगी तो उन्हीं को आगे कर देगी, अधिकारियों का साथ नहीं देगी। भाजपा हमेशा साजिश-षड्यंत्र करती है। उत्तर प्रदेश के जेन जी और जेन एल्फा पीढ़ी के लोग देख रहे है जो पेपर लीक कराते है, वहीं लोग भाजपा की सरकार में बैठे हैं। अखिलेश यादव ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर कलाकारों को सम्मान दिया जाएगा। जो हमारी हिन्दुस्तानियत की परम्पराओं को बढ़ावा देते है, ऐसे लोगों का हम लोग सम्मान करने का काम करेंगे। वैसे भी समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने विविध क्षेत्रों में सराहनीय योगदान के लिए यश भारती सम्मान दिया था।
Follow Samachar24