मकान बंटवारे के विवाद में बुजुर्ग किसान नेता घायल, गोली चलने की चर्चा;, पुलिस जांच में जुटी
Gargachary Times
2 August 2026, 20:11
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला कन्ही में रविवार सुबह पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 75 वर्षीय सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक एवं किसान नेता जयवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जयवीर सिंह के परिवार में मकान के बंटवारे और दीवार निर्माण को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। घटना के दौरान गोली चलने की बात सामने आई, जिसमें जयवीर सिंह के घायल होने की सूचना है।परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए शिकोहाबाद के एक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना शिकोहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा विवाद के कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।ग्रामीणों के अनुसार पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते रविवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान जयवीर सिंह घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल की चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।