शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय पर कमीशनखोरी के आरोप
Gargachary Times
2 August 2026, 20:12
51 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद स्थित संयुक्त चिकित्सालय एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल पर गर्भवती महिलाओं को निजी अस्पतालों में भेजने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में की गई है, जिसके बाद जांच की मांग उठी है।
दिखतौली निवासी प्रमोद कुमार बघेल ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधू दीक्षा को प्रसव पीड़ा होने पर शिकोहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। उनका कहना है कि वहां मौजूद एक आशा कार्यकर्ता ने यह कहते हुए निजी अस्पताल जाने की सलाह दी कि गर्भ में बच्चे ने मल त्याग कर दिया है और सरकारी अस्पताल में उचित उपचार संभव नहीं है।परिजनों के अनुसार इसके बाद प्रसूता को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सामान्य प्रसव के दौरान बच्ची का जन्म हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में जब उन्होंने सरकारी अस्पताल का रिकॉर्ड देखा तो उसमें प्रसूता की बच्चेदानी का मुंह बंद होने की टिप्पणी दर्ज मिली, जबकि उनकी पुत्रवधू की किसी महिला चिकित्सक द्वारा जांच ही नहीं की गई थी। उन्होंने इसे रिकॉर्ड में गलत तथ्य दर्ज करने का मामला बताते हुए जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिए आने वाली कई गर्भवती महिलाओं को विभिन्न कारण बताकर निजी अस्पतालों की ओर भेजा जाता है, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।