परिवार परामर्श केंद्र में दो पारिवारिक विवाद आपसी सहमति से सुलझे
Gargachary Times
2 August 2026, 20:12
57 views
Firozabad
फिरोजाबाद। परिवार परामर्श केंद्र की पहल से रविवार को दो पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति के आधार पर सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया। काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर रिश्तों में आई दूरियों को समाप्त करने का प्रयास किया गया।पहले मामले में चित्र पुत्री भूरी सिंह, निवासी अकलाबाद हसनपुर, वर्तमान निवासी पंचम विहार कॉलोनी, थाना एत्मादपुर से परिवार परामर्श केंद्र द्वारा दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने बताया कि आपसी बातचीत के बाद उनका विवाद समाप्त हो गया है और वे आपसी सहमति से समझौते पर पहुंच गए हैं। इसके बाद मामले का निस्तारण कर दिया गया।दूसरे मामले में जयवीर सिंह पुत्र राजन सिंह एवं विशाखा पुत्री महेश, थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के निवासी, परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के लिए उपस्थित हुए। केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उन्हें शांतिपूर्वक वार्ता के माध्यम से मतभेद दूर करने की सलाह दी। समझाइश और सकारात्मक संवाद के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रहने और भविष्य में विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमत हो गए।परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यों ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य टूटते पारिवारिक रिश्तों को बचाना, पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मतभेदों को संवाद के माध्यम से समाप्त करना तथा परिवारों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। नियमित काउंसलिंग और समझाइश के जरिए अनेक मामलों का अदालत पहुंचे बिना ही समाधान कराया जा रहा है, जिससे परिवारों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों से राहत मिल रही है।