धनगर महासभा ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर, प्रमाण पत्र जारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
Gargachary Times
2 August 2026, 20:15
44 views
Firozabad
टूंडला (फिरोजाबाद)। धनगर महासभा उत्तर प्रदेश की ओर से रविवार को टूंडला क्षेत्र के गांव दिनोली, जसराना, कुतुबपुर सहित विभिन्न गांवों में बैठक एवं गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए धनगर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह धनगर एडवोकेट ने कहा कि सामाजिक संगठन ही किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि धनगर समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। यदि समाज संगठित नहीं हुआ तो शासनादेश के तहत मिलने वाले अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न समाजों की मांगों पर उन्हें अधिकार दिए हैं, लेकिन धनगर समाज के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि शासनादेश के अनुरूप तहसीलों में धनगर समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र शीघ्र जारी किए जाएं। ऐसा नहीं होने पर जिलाधिकारी फिरोजाबाद को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में धनगर समाज उसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगा, जो समाज की आवाज को विधानसभा और लोकसभा में मजबूती से उठाएगा।गोष्ठी में समाज सुधार पर भी विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने नशाबंदी, जुआबंदी, दहेज प्रथा, मृत्यु भोज, गुटखा सेवन, अशिक्षा, अंधविश्वास और पाखंड जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बैठक में विक्रम सिंह धनगर, प्रधान लखपत सिंह धनगर, जिला अध्यक्ष महावीर सिंह धनगर, महेंद्र सिंह, प्रताप सिंह धनगर, पंकज धनगर (मीडिया प्रभारी), बलबीर सिंह धनगर, अर्चना धनगर, अनीशा धनगर, प्रिया धनगर, जागृति धनगर, रिंकी धनगर, दीपिका धनगर, फूलमाला धनगर, रागनी धनगर, पूरन सिंह धनगर, विनोद धनगर, सौदान धनगर, राजेंद्र धनगर, बृजमोहन धनगर, सोपाल सिंह धनगर, कमला देवी धनगर, कविता धनगर, सौरव धनगर, कौशल धनगर, श्रीनिवास, अजीत धनगर, जवाहर सिंह धनगर, नीरज धनगर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।