उर्वरकों की ओवर रेटिंग, कालाबाजारी के विरुद्ध प्रशासन सख्त:- जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी
Gargachary Times
3 August 2026, 20:50
43 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कृषि विभाग के अधिकारियों, उर्वरक थोक विक्रेताओं, कम्पनी प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया, डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, उर्वरकों की ओवर रेटिंग, कालाबाजारी में संलिप्त थोक, फुटकर विक्रेताओं से जिला प्रशासन सख्ती से निपटेगा, अन्नदाताओं का शोषण किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगा, जिला प्रशासन प्रत्येक किसान को उसकी मॉग के अनुसार उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य किसी भी उर्वरक विक्रेता को प्रताड़ित करना नहीं, आप सब किसानों को सपोर्ट करें, उन्हें निर्धारित मूल्य पर समय से यूरिया, डीएपी उपलब्ध करायें यदि सरकारी तंत्र से कोई असुविधा हो या किसी दुकानदार को किसी के द्वारा पीड़ित किया जा रहा हो तो तत्काल संज्ञान में लायें, दोषी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही कर पीडित दुकानदार को राहत दिलायी जायेगी। उन्होने जिला कृषि अधिकारी, उप कृषि निदेशक को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में मांग के अनुसार यूरिया, डीएपी की उपलब्धता रहे, प्रत्येक सहकारी समिति, खाद-बीज की दुकान पर यूरिया उपलब्ध रहे, सभी किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया, डीएपी मिले, यूरिया के साथ कोई भी दुकानदार किसान को अन्य दवा, बीज, उर्वरक आदि क्रय करने हेतु बाध्य न करे,ं सभी दुकानों पर इस आशय का बैनर लगाया जाए, किसी दुकानदार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य वसूला गया या कोई अन्य दवा, उर्वरक खरीदने को किसान को मजबूर किया जाये तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाये।
श्री त्रिपाठी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि किसानों को खाद, बीज, उर्वरकों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, सभी समितियों पर यूरिया, डीएपी, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे, राजकीय कृषि बीज भंडारों, सहकारी समितियों पर भी उर्वरक उपलब्ध रहें, सहकारी समितियों, प्राइवेट दुकानदार निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरकों, बीज आदि की बिक्री करें। उन्होने कहा कि किसानों को यूरिया निर्धारित दर 266.50, डी.ए.पी. 1350 रू. पर ही मिले, किसी भी दशा में अधिक दरों पर बिक्री किसी भी दशा में न की जाये, ऐसा कृत्य करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाये। उन्होने थोक विक्रेताओं को सचेत करते हुये कहा कि अनावश्यक भंडार न करंे, अनावश्यक भंडार किये जाने, यूरिया का कृत्रिम अभाव पैदा किये जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही की जायेगी। उन्होने ए.आर. को-ऑपरेटिव, पी.सी.एफ. प्रबन्धक को आदेशित करते हुये कहा कि बफर में जो यूरिया, डीएपी उपलब्ध है उसे तत्काल समितियों को वितरित किया जाए ताकि समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध रहें। उन्होने कहा कि यूरिया की मांग बढ़ेगी इसलिए पी.सी.एफ. गोदाम में जो भी यूरिया उपलब्ध है उसे तत्काल समितियों, दुकानों पर भिजवाया जाये।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधियों से उनके डीलर, वितरक की जानकारी करने पर पाया कि कृभको के 08 डीलर के सापेक्ष 04, एन.एफ.एल. के 23 डीलर के सापेक्ष 12, आर.सी.एफ. के 07 डीलर के सापेक्ष 04, यारा के 05 डीलर के सापेक्ष 03 डीलर बैठक से अनुपस्थित पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला कृषि अधिकारी से कहा कि निर्देशों, समय से सूचना के बावजूद भी जो डीलर बैठक में उपस्थित नहीं हुए हैं, उनके विगत 06 माह में उर्वरकों के क्रय-विक्रय की जांच हेतु समिति गठित कर जांच कराई जाए यदि जॉच में दोषी पाये जायें तो उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाये। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी अविशांक चौहान, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता जितेन्द्र कुमार के अलावा अन्य सम्बन्धित अधिकारी, उर्वरकों के थोक विक्रेता, कम्पनी प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।