Loading...

जीवित पत्नी का श्राद्ध कर वीडियो किया वायरल, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

Gargachary Times 3 August 2026, 20:56 48 views
Firozabad
जीवित पत्नी का श्राद्ध कर वीडियो किया वायरल, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
थाना लाइनपार क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से नाराज पति ने अपनी जीवित पत्नी का श्राद्ध और पिंडदान कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति और ससुराल पक्ष लंबे समय से उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर उसने पुलिस में लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि इसी से नाराज होकर पति ने बदले की भावना से पत्नी को मृत मानते हुए धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार श्राद्ध और पिंडदान का आयोजन किया तथा उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी का नाम लेकर श्राद्ध और पिंडदान की प्रक्रिया करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने थाना लाइनपार पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वायरल वीडियो की सत्यता की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी वायरल वीडियो या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा करने से बचें।
Follow Samachar24