डीएम ने राजकीय बाल गृह का किया औचक निरीक्षण, बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाने के दिए निर्देश
Gargachary Times
3 August 2026, 20:56
54 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने सोमवार को सुहाग नगर स्थित राजकीय बाल गृह का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों की देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीयता से बातचीत की और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली।
संवाद के दौरान कुछ बच्चों ने बाल गृह में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया, जबकि कुछ ने अपने माता-पिता के पास लौटने की इच्छा जताई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन बच्चों के परिजनों का पता लगाया जा सकता है, उन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द परिवार से मिलाने की कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि बाल गृह में 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 50 बालक रह रहे हैं। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नियमित रूप से चिकित्सकों की टीम आती है। जिलाधिकारी ने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का भी आकलन किया और शिक्षा व स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि निकट भविष्य में बच्चों को नव-निर्मित आधुनिक बाल गृह में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बाल गृह में काउंसलिंग कर रहीं नीलम भारती ने बताया कि बच्चों के मानसिक तनाव को कम करने और उन्हें भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने के लिए नियमित परामर्श दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि बाल गृह का उद्देश्य केवल बच्चों को आश्रय देना नहीं, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ प्यार, स्नेह और सहानुभूति की भी सबसे अधिक आवश्यकता है। संवेदनशील व्यवहार से ही उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल गृह का स्टाफ एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।