बालिकाओं को विधिक अधिकारों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने का आह्वान
Gargachary Times
3 August 2026, 20:57
33 views
Lucknow
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद के तत्वावधान में कोमल फाउंडेशन द्वारा संचालित सखी सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, इंदिरा नगर, जलेसर रोड पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था।कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव तथा अन्य महत्वपूर्ण विधिक प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के परा विधिक स्वयंसेवक अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाती है। उन्होंने बालिकाओं से शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
उन्होंने 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से बैंक ऋण, बिजली, पानी और टेलीफोन बिल, मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, चेक बाउंस, राजस्व सहित अन्य समझौतायोग्य मामलों का त्वरित, सरल और कम खर्च में निस्तारण किया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि न्यायालयों में लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलझाए जा सकने वाले मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराकर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर के अंत में प्रतिभागियों ने विधिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं व्यवहारिक समाधान दिया गया। उपस्थित लोगों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इनके नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।इस अवसर पर रितु, छवि, कोमल, नैंसी, संजना, रीता, काजल, आशी, बेबी, मोहिनी, उर्वशी, गायत्री, राखी तथा केंद्र प्रशिक्षिका श्रीमती रेनू सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।