फिरोजाबाद पुलिस ने 151 गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए, करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति मिली वापस
Gargachary Times
4 August 2026, 20:22
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत फिरोजाबाद पुलिस की सर्विलांस सेल और थाना पुलिस ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध सुश्री चंचल त्यागी के नेतृत्व में सर्विलांस सेल ने विभिन्न थानों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल बरामद कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किए गए।पुलिस ने बताया कि जनपद में अब तक सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से कुल 1,747 गुम मोबाइल विभिन्न जनपदों एवं राज्यों की पुलिस के सहयोग से बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।
बरामद मोबाइलों में सबसे अधिक वीवो (48), रियलमी (24), ओप्पो (19), सैमसंग (17), रेडमी (13), टेक्नो (9), मोटोरोला (9) सहित पोको, इनफिनिक्स, आईक्यू, वन प्लस, लावा और नथिंग कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
इस कार्रवाई में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार एवं उनकी टीम के साथ जनपद के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।