शिकोहाबाद पुलिस ने 608 ग्राम गांजा के साथ महिला तस्कर को दबोचा
Gargachary Times
4 August 2026, 20:23
38 views
Lucknow
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिकोहाबाद पुलिस ने 608 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुरातन रोड स्थित खाली मैदान से रूपा पत्नी संजीव कुमार, निवासी हिंदू नगर, थाना शहर कोतवाली, जनपद एटा को गिरफ्तार किया गया।तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 608 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना शिकोहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 594/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला के विरुद्ध पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जनपद एटा में मुकदमा दर्ज है, जिससे उसके मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने की पुष्टि होती है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक फैशल खान, महिला उपनिरीक्षक काजल, हेड कांस्टेबल दिलीप तथा हेड कांस्टेबल मोहन सिंह की प्रमुख भूमिका रही।