Loading...

जनसुनवाई में महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने दिए सख्त निर्देश

Gargachary Times 4 August 2026, 20:24 70 views
Firozabad
जनसुनवाई में महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने दिए सख्त निर्देश
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने मंगलवार को निरीक्षण भवन के सभागार में जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों एवं 'अपना घर वृद्धाश्रम' में स्वच्छता, पेयजल के लिए वाटर कूलर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने शिकायत की कि उसके पति राहुल ने आठ वर्ष पूर्व उसे घर से निकाल दिया था और 11 वर्षीय बेटे के भरण-पोषण एवं पढ़ाई का खर्च भी नहीं दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपाध्यक्ष ने महिला थाना प्रभारी को दोनों पक्षों को बुलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में उपाध्यक्ष ने खंड शिक्षा अधिकारी को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की अंग्रेजी भाषा दक्षता बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए तथा बच्चों की कॉपियों की जांच केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने उत्कृष्ट कस्तूरबा विद्यालयों में प्रशिक्षण एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी जोर दिया, ताकि छात्राओं का ज्ञान और रचनात्मकता विकसित हो सके।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उपस्थित चिकित्सा अधीक्षक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी सीएचसी पर अधिक से अधिक सर्जिकल एवं ऑपरेटिव केसों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उपाध्यक्ष ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि महिलाओं की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और पीड़ित महिलाओं को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण पर विशेष बल दिया।समाज कल्याण अधिकारी से पेंशन योजनाओं, वृद्धाश्रम, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा अटल आवासीय विद्यालयों के प्रचार-प्रसार की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों को जोड़कर विशेष टीमें बनाई जाएं और शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही श्रमिकों के पंजीकरण कार्ड बनवाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में महापौर कामिनी राठौर, उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24