Loading...

'हर घर तिरंगा अभियान' को भव्य बनाने की तैयारी, डीएम ने दिए विस्तृत निर्देश

Gargachary Times 4 August 2026, 20:25 50 views
Firozabad
'हर घर तिरंगा अभियान' को भव्य बनाने की तैयारी, डीएम ने दिए विस्तृत निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 2 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा अभियान' की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को जनभागीदारी के साथ भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों पर राष्ट्रधुन बजाने के लिए विशेष बैंड की व्यवस्था की जाए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंड को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। नगर क्षेत्रों में एक समान ऊंचाई के झंडे और पोल लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि तिरंगे का उपयोग केवल सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ किया जाए। इसे सजावट की वस्तु के रूप में प्रयोग न किया जाए तथा सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सर्वोच्च स्थान दिया जाए। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में डीसी एनआरएलएम तथा शहरी क्षेत्रों में संबंधित प्रशासनिक एवं अधिशासी अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान 'तिरंगा महोत्सव' आयोजित किया जाएगा, जिसमें भव्य तिरंगा मेला एवं 'तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट' मुख्य आकर्षण होंगे। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) एवं ओडीओपी से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर एचजीटी सेल्फी बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।अभियान के अंतिम चरण (13 से 15 अगस्त) में तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैलियां, विशाल तिरंगे के साथ पदयात्राएं तथा युवाओं और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय बाजारों, खादी भंडारों और राशन की दुकानों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी शासकीय भवनों, प्रमुख चौराहों एवं बाजारों को तिरंगा थीम पर प्रकाश एवं सजावट से आकर्षक बनाया जाएगा।बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24