Loading...

महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने मेडिकल कॉलेज व सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण

Gargachary Times 4 August 2026, 20:25 42 views
Firozabad
महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने मेडिकल कॉलेज व सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने मंगलवार को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जिला अस्पताल परिसर) एवं सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं महिला सुरक्षा सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों और सेंटर में रह रही महिलाओं एवं युवतियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने ओपीडी, प्रसूति विभाग, दवा वितरण व्यवस्था तथा पैथोलॉजी एवं प्रयोगशाला सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की, जिस पर अधिकांश लोगों ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक दवाएं और पैथोलॉजी जांचें परिसर के भीतर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा बाहर से दवा या जांच कराने के लिए नहीं कहा जाता।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 25 से 30 सामान्य प्रसव तथा 8 से 10 सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। वहीं प्रत्येक डॉक्टर प्रतिदिन करीब 70 से 80 मरीजों का ओपीडी में परीक्षण कर उपचार उपलब्ध करा रहे हैं।अस्पताल में दो अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात हैं। सामान्य मरीजों को 20 दिन से एक माह तक की तिथि दी जाती है, जबकि आपातकालीन एवं ब्लीडिंग जैसी गंभीर स्थिति वाले मरीजों का सीएमएस के माध्यम से तत्काल अल्ट्रासाउंड कराया जाता है। उपाध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने गंभीर मरीजों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने तथा छात्राओं की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक कक्षाओं का नियमित फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए। इसके बाद श्रीमती चारू चौधरी ने सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण कर वहां की आवासीय व्यवस्था, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सेंटर में रह रही युवतियों एवं महिलाओं से व्यक्तिगत बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर में सभी बुनियादी सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हैं तथा आवासित महिलाओं और बच्चियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।उपाध्यक्ष ने काउंसलर्स एवं अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कम उम्र की बालिकाओं और युवतियों की काउंसलिंग प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कई बार नासमझी या बहकावे में आकर घर छोड़ने वाली बच्चियां सही-गलत का निर्णय नहीं ले पातीं, इसलिए उनकी बार-बार काउंसलिंग कर उन्हें शिक्षा, जीवन के महत्व और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि वे सुरक्षित रूप से अपने परिवार के पास लौट सकें। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सखी वन स्टॉप सेंटर में कुल आठ पीड़िताएं पंजीकृत हैं, जिनमें से पांच बच्चियां एवं महिलाएं चिकित्सीय परीक्षण और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने गई हुई थीं। केंद्र में मौजूद तीन युवतियों से उपाध्यक्ष ने व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। निरीक्षण के अंत में श्रीमती चारू चौधरी ने सेंटर के कर्मचारियों और काउंसलर्स को निर्देश दिए कि वे पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को समय पर न्याय और बेहतर संरक्षण मिल सके।
Follow Samachar24