Loading...

महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने किया कस्तूरबा गांधी व सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण

Gargachary Times 4 August 2026, 20:26 50 views
Firozabad
महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने किया कस्तूरबा गांधी व सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों विद्यालयों की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं तथा जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में छात्रों से बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और जो विद्यार्थी समय का सही उपयोग करते हैं, वही आगे चलकर अपने लक्ष्य हासिल करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक दिन का लक्ष्य निर्धारित करें, पढ़ाई के लिए नियमित टाइम-टेबल बनाएं और उसका पूरी ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने कहा कि आज का दौर कड़ी प्रतिस्पर्धा का है, जिसमें वही व्यक्ति सफल होता है जो परिश्रमी, मेहनती और निरंतर आगे बढ़ने की सोच रखता है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि शासन विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है।निरीक्षण के दौरान श्रीमती चारू चौधरी ने दोनों विद्यालयों में साफ-सफाई, पठन-पाठन की व्यवस्था तथा मिड-डे मील एवं मेस में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।विद्यालयों के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों एवं बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन पर उपाध्यक्ष ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रशासन की सराहना की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी माहौल को देखते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
Follow Samachar24